Varanasi news:आघूरेश्वर कृपा संस्था मानव सेवा के साथ गंगा स्वच्छता और जनकल्याण के कार्यों में निभा रही अहम भूमिका

पड़ाव/सुजाबाद



समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय आघूरेश्वर कृपा संस्था लगातार गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा में जुटी हुई है। संस्था से जुड़े गंगा सफाई संस्था के अध्यक्ष महेंद्र साहनी एवं उनके सहयोगी सदस्य आपसी सहयोग से समय-समय पर जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन, अंगवस्त्र एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री का वितरण करते हैं।
संस्था का एक अत्यंत मानवीय कार्य भी लोगों के बीच सराहना का विषय बना हुआ है। संस्था के सदस्य नमो घाट से अस्सी घाट के बीच गंगा नदी में मिलने वाले लावारिस शवों को बाहर निकालकर उनका पूरे सम्मान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार कराते हैं, ताकि किसी भी मृतक का अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक हो सके।
इसके अलावा संस्था द्वारा निरंतर गंगा स्वच्छता अभियान, विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई जाती है। संस्था आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद कन्याओं के विवाह में भी यथासंभव आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग प्रदान करती है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को सहायता मिल सके।
संस्था के अध्यक्ष महेंद्र साहनी ने बताया कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। इसी उद्देश्य से संस्था के सभी सदस्य निस्वार्थ भाव से समाज के हर वर्ग की सेवा के लिए समर्पित हैं। संस्था के इन सेवा कार्यों की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।