चंदौली

जनपद चन्दौली में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से आकाश पटेल, पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में अनन्त चन्द्रशेखर, अपर पुलिस अधीक्षक सदर द्वारा थाना मुगलसराय अंतर्गत कस्बा मुगलसराय व पडाव में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त किया गया।
पैदल गश्त के दौरान मुख्य बाजार, भीड़भाड़ वाले स्थानों, बस स्टैंड, चौराहों, प्रमुख प्रतिष्ठानों एवं संवेदनशील स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर आवश्यक पूछताछ की गई तथा स्थानीय व्यापारियों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई।
अपर पुलिस अधीक्षक सदर द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित पैदल गश्त एवं प्रभावी चेकिंग अभियान चलाया जाए। साथ ही अराजक एवं असामाजिक तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही आमजन से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा पुलिस आपातकालीन सेवा 112 पर दें।
पैदल गस्त के दौरान अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर, विजय प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष मुगलसराय, सहित थाना पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





