पड़ाव/चंदौली

साहूपुरी रोड स्थित बखरा गाँव के समीप मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब कोयला लदा एक भारी-भरकम ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। संयोग अच्छा रहा कि हादसे के वक्त आसपास कोई राहगीर या अन्य वाहन चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर तेज गति से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर सड़क किनारे पलट गया। ट्रेलर पलटते ही मौके पर तेज आवाज के साथ अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
हादसे में चालक सुजीत कुमार जौनपुर निवासी व खलासी बाल बाल बच गए। चालक ने बताया की छोटी वाहन को बचाने के चक्कर में वाहन अनियंत्रित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए यातायात को बहाल कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आए दिन हादसों को न्योता देती है। प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।





