पड़ाव/चंदौली

राष्ट्रीय खेल दिवस पर जैपुरिया स्कूल्स बनारस में दिखा खेलों का उत्साह, विद्यार्थियों ने लिया स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन का संकल्पआज दिनांक वाराणसी, 29 अगस्त 2026 सेठ एम. आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस, पड़ाव शाखा में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस पूरे उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ विद्यार्थियों को खेलों के महत्व, अनुशासन, टीमवर्क, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।विद्यालय के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना एवं अनुशासन के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यालय का पूरा परिसर खेलमय नजर आया। विद्यार्थियों ने आर्चरी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, कैरम, क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, शूटिंग एवं टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सभी आयुवर्ग के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों का उत्साह और भी बढ़ गया।इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ सदस्यों ने भी विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन के दौरान खेल सामग्री, जलपान तथा फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था की गई।विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार बजाज ने कहा, “खेल हमारे जीवन में केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे धैर्य, आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का विकास करते हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। इसलिए शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाना आवश्यक है।”विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार दास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस हमें यह संकल्प लेने के लिए प्रेरित करता है कि हम पढ़ाई के साथ खेलों को भी अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएँ और नियमित रूप से खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करें।इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज, निदेशक गौरांग बजाज, निदेशक गवेंद्र बजाज, निदेशिका पूजा बजाज, प्राचार्य विनोद कुमार दास, तीनों वर्गों की संयोजिकाएँ, शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी की सक्रिय सहभागिता ने राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन को सफल एवं यादगार बनाया।कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने स्वस्थ, सक्रिय एवं अनुशासित जीवन जीने तथा खेलों को अपने दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का सफल संचालन तरनदीप सिंह बग्गा ने किया। कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में खेल विभाग के शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा।






