Chandauli news:विधानसभा चुनाव 2027 और एमएलसी चुनाव की तैयारियां तेज, डीएम ने लिया जायजा

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर EVM मशीनों की FLC की तैयारियां तेज, 12 अक्टूबर से शुरू होगी जांच

राजनीतिक दलों की उपस्थिति में होगी जांच

चंदौली

आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) की तैयारियों का जायजा लिया।

जिले में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों की एफएलसी (फस्ट लेवल चेकिंग) प्रक्रिया 12 अक्टूबर, 2026 से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वेयरहाउस में शुरू होगी।

डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और प्रकाश व्यवस्था को देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि FLC के दौरान सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए और सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे की रिकॉर्डिंग सुनिश्चित की जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत एफएलसी प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी होगी। जांच प्रक्रिया इंजीनियरों की तकनीकी टीम द्वारा संपन्न कराई जाएगी। जिले के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों की सीलिंग और मॉक पोल कराया जाएगा। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों और सचिवों को सूचना जारी कर समय पर उपस्थित रहने की अपील की गई है।

डीएम ने वेयरहाउस परिसर में साफ-सफाई, अग्निशमन यंत्रों की क्रियाशीलता और बैरिकेडिंग दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम की चेकिंग में शामिल होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को आयोग के गाइडलाइंस के अनुसार ही प्रवेश दिया जाए। बिना वैध पास के किसी भी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के क्रम में ईवीएम की जांच प्रक्रिया को महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है, जिससे मशीनों की कार्यक्षमता और तकनीकी स्थिति का परीक्षण किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजस्व राजेश कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी गण उपस्थित रहे।


वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 के एमएलसी चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने तैयारियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चुनाव में इस्तेमाल होने वाली स्टेशनी सामग्री, मतपेटियों की सफाई, रखरखाव और व्यवस्था का बारीक जायजा लिया। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षात्मक व तकनीकी तैयारियों को समय से पूरा किया जाए ताकि चुनाव प्रक्रिया बिना किसी बाधा के शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।