चंदौली

21 जून को जनपद में आयोजित नीट (NEET) परीक्षा को शुचितापूर्ण, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने हेतु पुलिस अधीक्षक चन्दौली द्वारा पी एम श्री केन्द्रीय विद्यालय, अलीनगर व नगर पलिका इण्टर कॉलेज,मुगलसराय परीक्षा केंद्रों का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा प्रबंधों, कानून-व्यवस्था और अभ्यर्थियों की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का गहनता से परीक्षण किया गया।
भ्रमण के क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी का जायजा लिया गया। उन्होंने केंद्रों पर तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के सख्त निर्देश दिए गये। इस दौरान परीक्षा केंद्रों के बाहर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की भी समीक्षा की गई, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक चन्दौली ने ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्र के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए तथा सुरक्षा गाइडलाइंस का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस बल को परीक्षा समाप्ति के बाद भी केंद्रों के बाहर सुरक्षा और सुगम यातायात बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या अप्रिय घटना को रोकने हेतु प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।





