पड़ाव/चंदौली

गंगा के बढ़ते जलस्तर और कटान की स्थिति को देखते हुए मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बहादुरपुर, कुंडा खुर्द, शहजौर और कुंडा कला सहित गंगा तटीय गांवों का नाव से दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ और कटान से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों से समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक रमेश जायसवाल ने बताया कि गंगा के जलस्तर में करीब दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे फिलहाल जलस्तर स्थिर होने के साथ कम होने की स्थिति में है। विधायक ने कटान प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों की जानकारी भी ली।
कटान रोकने के लिए करीब 8.5 से नौ करोड़ रुपये की लागत से लगाए गए बोल्डर के धंसने और उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठने के मामले को विधायक रमेश जायसवाल ने गंभीरता से लिया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय तकनीकी टीम गठित की गई है। सिंचाई विभाग और तहसील प्रशासन के अधिकारी निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच कर रिपोर्ट शासन को सौंपेंगे।
वहीं, ग्रामीणों ने विधायक से क्षेत्र में पांच से आठ फीट तक अवैध मिट्टी खनन की शिकायत की। इस पर विधायक ने मौके पर मौजूद एसडीएम को तत्काल खनन रोकने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कटान प्रभावित क्षेत्रों में उपजाऊ भूमि और बस्तियों को बचाने के लिए नए सिरे से ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी राजेश वर्मा, संजय पासवान, बहादुरपुर प्रधान मेराज अहमद, भीम मोदी, क्षितिज कांत केशरी , चम्मन पाल, धर्मेंद्र यादव, गोपी यादव व विधायक प्रतिनिधि संजय कनौजिया सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।।






