Chandauli news:DM ने जूम मीटिंग के जरिए की गौशालाओं की समीक्षा, दिए कड़े निर्देश

चंदौली

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में शुक्रवार शाम जिले में संचालित सभी गौशालाओं की भौतिक समीक्षा बैठक जूम ऐप के माध्यम से आयोजित हुआ। इस दौरान जूम बैठक में जुड़े मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, ग्राम प्रधान, सचिव और संचालन से जुड़े स्वयंसेवी संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लाइव कैमरे के जरिए सीधे गौशालाओं की स्थिति का जायजा लिया। शासन की मंशा स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि संरक्षित गोवंश के भरण-पोषण और स्वास्थ्य में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि गौशालाओं में गोवंश का वर्गीकरण किया जाए और बीमार पशुओं के इलाज के लिए अलग से ‘सिक रूम’ (Sick Room) तैयार किया जाए। चरही और पानी की चरनी को दुरुस्त रखा जाए। नांद में नियमित रूप से भूसे के साथ हरा चारा डाला जाए। हरा चारा सुनिश्चित करने के लिए परिसरों में नेपियर घास और सहजन के पौधे लगाए जाएं। गोबर का बेहतर उपयोग करने और आय बढ़ाने के लिए वर्मी कंपोस्ट (केंचुआ खाद) के उत्पादन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए शेड की मरम्मत कराने और परिसर में जलभराव न होने देने के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया। उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारियों, पशु चिकित्सा अधिकारियों और पशुधन प्रसार अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करें। साथ ही, खुरपका-मुंहपका (FMD) रोग का शत-प्रतिशत टीकाकरण कर डेटा तत्काल पोर्टल पर अपलोड करें। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों व संस्थाओं को अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए एक सप्ताह की मोहलत दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले सप्ताह होने वाली समीक्षा बैठक तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलनी चाहिए।