वाराणसी



आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय तथा बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल, डोमरी, रामनगर, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम नरेश शर्मा एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या नीता त्रिपाठी ने महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय, बाल विद्यालय के निदेशक मुकुल पाण्डेय तथा सीएमओ अपूर्वा पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में ध्वजारोहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत रामनगर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके पश्चात विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति नारों एवं उद्घोषों के साथ लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया तथा विद्यालय परिसर में पहुंचकर स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया।

समारोह के दौरान विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, भाषण, नाटक एवं अन्य प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देश के स्वतंत्रता संग्राम, वीर शहीदों के त्याग एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी भी है। विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेना चाहिए।
बाल विद्यालय के निदेशक मुकुल पाण्डेय ने कहा कि देश का भविष्य आज के विद्यार्थियों के हाथों में है। विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना शिक्षण संस्थानों का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सभी से देश की प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम नरेश शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण हमें स्वतंत्र भारत में जीवन जीने का अवसर मिला है। हमें उनकी कुर्बानियों को सदैव याद रखते हुए देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बाल विद्यालय की प्रधानाचार्या नीता त्रिपाठी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस बच्चों और युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहते हुए ईमानदारी, अनुशासन और मेहनत के साथ देश की सेवा करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर बाल विद्यालय, प्रह्लादघाट की प्रधानाचार्या स्नेहलता पाण्डेय भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रप्रेम और उत्साह से ओत-प्रोत स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।











