Varanasi news:जन्मदिन पर याद किए गए कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति के अग्रदूत, राजीव गांधी

राजीव गांधी के योगदान और बलिदान को सदैव याद किया जाएगा:अशोक विश्वकर्मा

वाराणसी

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जयंती सद्भावना दिवस पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राजीव गांधी का आधुनिक भारत के विकास में अहम योगदान है। उन्होंने आईटी और दूर संचार के क्षेत्र में क्रांतिकारी विकास की शुरुआत की तथा पंचायती राज के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत किया। उन्होंने अपनी मां के निधन के बाद विशेष परिस्थितियों में मात्र 40 वर्ष की आयु में देश की बागडोर संभाली और वे भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने। उन्हें भारत में कंप्यूटर, दूरसंचार क्रांति और आधुनिक तकनीक का अग्रदूत माना जाता है। उन्होंने सैम पित्रोदा के साथ मिलकर देश में टेलीकॉम (C-DOT) और कंप्यूटर के विस्तार की नींव रखी, जिससे देश में संचार प्रणाली का समूचा स्वरूप बदल गया। युवाओं को राजनीति में जोड़ने के लिए मतदान की न्यूनतम आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की गई। स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने के लिए 73वें और 74वें संविधान संशोधन की रूपरेखा तैयार की तथा महिलाओं को पंचायतों में आरक्षण का प्रस्ताव किया। ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी बच्चों के लिए ‘जवाहर नवोदय विद्यालय’ की शुरुआत की। भारत सरकार उनके जन्मदिन 20 अगस्त को राष्ट्रीय अक्षय ऊर्जा दिवस के रूप में मनाती है, ताकि देश में सौर, पवन और अन्य स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों के बारे में जागरूकता बढ़ाई जा सके। वह 40 वर्ष की कम उम्र में देश के सबसे युवा सातवें प्रधानमंत्री बने। देश के विकास के लिए किए गए उनके योगदान और बलिदान को सदैव याद किया जाएगा।