Chandauli news:चंदौली के कारीगरों के लिए सुनहरा मौका, 10 दिवसीय प्रशिक्षण संग मिलेगी आधुनिक टूलकिट

चंदौली में कारीगरों को मिलेगा 10 दिवसीय प्रशिक्षण और टूलकिट

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में 31 अगस्त तक करें आवेदन उपायुक्त उद्योग

चंदौली

चंदौली में पारंपरिक कारीगरों को ‘विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना’ के तहत कौशल प्रशिक्षण और आधुनिक टूलकिट प्रदान की जाएगी। उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, चंदौली के उदय प्रकाश पासवान ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य कारीगरों के कौशल को निखारना और उनके रोजगार को बढ़ावा देना है। पात्र कारीगरों को 10 दिवसीय निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण के साथ उन्नत टूलकिट भी मिलेगी।

इच्छुक कारीगर विभिन्न ट्रेडों के लिए विभागीय वेबसाइट msme.up.gov.in या diupmsme.upsdc.gov.in पर 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

चंदौली जनपद के लिए विभिन्न पारंपरिक ट्रेडों में लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इनमें राजमिस्त्री, बढ़ई, नाई और लोहार के लिए 50-50 कारीगर तथा मोची के लिए 25 कारीगर शामिल हैं।

योजना के लिए आवेदक को चंदौली जनपद का मूल निवासी होना चाहिए और उसकी न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। आवेदक दर्जी, लोहार, राजमिस्त्री, बढ़ई, कुम्हार, हलवाई, नाई, मोची या धोबी जैसे पारंपरिक दस्तकारी व्यवसाय से जुड़ा होना अनिवार्य है। एक परिवार से केवल एक सदस्य ही आवेदन कर सकता है, और आवेदक ने पहले किसी सरकारी प्रशिक्षण योजना के तहत टूलकिट या मानदेय का लाभ न लिया हो। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए जाति एकमात्र आधार नहीं है; गैर-पारंपरिक जाति के लोग भी यदि इस कार्य से जुड़े हैं, तो वे ग्राम प्रधान, नगर पंचायत अध्यक्ष या वार्ड सभासद द्वारा जारी ‘पारंपरिक कारीगर प्रमाण-पत्र’ प्रस्तुत कर आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड (आधार से लिंक मोबाइल नंबर सहित), बैंक पासबुक की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो और पारंपरिक कारीगर प्रमाण-पत्र (गैर-पारंपरिक जाति के आवेदकों के लिए) शामिल हैं।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, चंदौली (निकट टाटा मोटर्स एजेंसी, धूरीकोट, चंदौली) के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।