मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं बीएसए
औचक निरीक्षण पर पहुंचे बीएसए, मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य का लिया जायजा
चंदौली


जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के सख्त रुख और निर्देशों के बाद बेसिक शिक्षा विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने चहनिया विकास खण्ड स्थित निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय हंडा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर 105 मजदूर कार्य करते पाए गए। बीएसए ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और कार्य की गति का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को समय से काम पूरा करने की चेतावनी दी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने कहा जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार जनपद में निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता प्राथमिकता पर है। मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय राज्य सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका लक्ष्य ग्रामीण अंचल के बच्चों को विश्वस्तरीय शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या घटिया सामग्री का प्रयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यदायी संस्था और बीईओ को रोजाना की प्रगति रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य हर हाल में निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के अनुरूप ही होना चाहिए। परियोजना को तय समय पर पूरा करने के लिए श्रमिकों की संख्या और बढ़ाई जाए एवं कार्यदायी संस्था और खण्ड शिक्षा अधिकारी चहनिया रोजाना के काम की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रेषित करेंगे।






