Chandauli news:पंचायत उत्सव भवन के निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं: सीडीओ

पंचायत उत्सव भवन का कार्य ससमय शत-प्रतिशत पूर्ण कराएं सीडीओ

ग्राम पंचायत सलेमपुर में निर्माणाधीन भवन का किया औचक निरीक्षण

परिसर में पानी भरने पर जताई नाराजगी, तत्काल मिट्टी भराई का दिया निर्देश

चंदौली

मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साँई ने बुधवार को विकास खण्ड सकलडीहा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सलेमपुर में निर्माणाधीन पंचायत उत्सव भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ को परिसर के भीतर कई स्थानों पर गड्ढे दिखाई दिए, जिनमें जलजमाव हो गया था। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मिट्टी मंगाकर गड्ढों को भरवाने के आदेश दिए, ताकि निर्माण कार्य बाधित न हो।

सीडीओ आर. जगत साँई ने उपस्थित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि छत की ढलाई का कार्य पूरा होने के बाद बांस और बल्लियों को सुरक्षित ढंग से हटा लिया जाए। इसके तुरंत बाद आगे का निर्माण कार्य शुरू कराकर शत-प्रतिशत काम समय रहते पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान खण्ड विकास अधिकारी सकलडीहा, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।