Chandauli news:चन्दौली में मिशन शक्ति फेज-6.0 का शुभारम्भ, एसपी आकाश पटेल ने हरी झंडी दिखाकर पैदल मार्च को किया रवाना

चंदौली

शारदीय नवरात्र के शुभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल के नेतृत्व में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश देते हुए निकाली गई भव्य पैदल मार्च-

नारी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का नया संकल्प — जनपद चन्दौली में मिशन शक्ति फेज-6.0 का भव्य शुभारम्भ ।

पुलिस अधीक्षक चन्दौली ने चन्दौली पुलिस लाइन से हरी झण्डी दिखाकर महिला पुलिसकर्मियों एवं छात्राओं की जागरूकता पैदल मार्च को किया गया रवाना ।

चन्दौली- आज दिनांक 12.10.2026 को शारदीय नवरात्र के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के महत्वपूर्ण अभियान ‘मिशन शक्ति’ फेज 6.0 के तहत, चन्दौली जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक भव्य पैदल मार्च का आयोजन किया गया। इस पैदल मार्च को पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल द्वारा चन्दौली पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया पैदल मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र कुमार , क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, प्रतिसार निरीक्षक वेदमणी मिश्रा व समस्त थाना के मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी के साथ-साथ महिला पुलिसकर्मी, महिला पीआरडी, होमगार्ड, सहायक नर्स, नर्सिंग स्कूल के बच्चे, महिला सफाई कर्मचारी, आशाबहुएं, विभिन्न स्कूलों के बच्चे/छात्राएं एवं अध्यापकगण भी शामिल हुए ।
यह पैदल मार्च चन्दौली पुलिस लाइन से प्रारम्भ होकर चन्दौली कस्बा होते हुए ग्राम बिछिया व पुनः चन्दौली पुलिस लाइन में समाप्त हुई। पैदल मार्च का उद्देश्य समाज में महिलाओं को उनके कानूनी और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।

मिशन शक्ति फेज-6.0 के शुभारंभ पर महिला पुलिसकर्मियों और छात्राओं द्वारा जागरूकता पैदल मार्च निकालकर समाज में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। इसके तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा विद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं व बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, उन्हें 1090, 112, 181, 1098 और 1930 जैसी विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी जा रही है तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या आपराधिक घटना होने पर बिना डरे पुलिस से मदद लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों एवं मिशन शक्ति टीमों को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उनकी शिकायतों को संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर सुनने तथा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी विधिक कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला सुरक्षा के दृष्टिगत सतर्कता बरतने तथा जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक चन्दौली द्वारा बताया गया कि #MissionShakti6 अभियान के तहत महिलाओं को निडर होकर आगे बढ़ने का वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन से भी अपील किया कि महिलाओं/बच्चों से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 अथवा नजदीकी थाना/चौकी को दें। महिलाओं का सम्मान ही समाज का सम्मान है व महिला स्वावलंबन से ही वास्तविक सशक्तिकरण संभव है।

चन्दौली पुलिस की आमजन से अपील है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा सम्मान सुनिश्चित करने में सक्रिय सहभागिता निभाएं। किसी भी प्रकार की महिला उत्पीड़न सम्बन्धी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।

“सशक्त नारी — सुरक्षित समाज”
चन्दौली पुलिस — नारी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन एवं सशक्तिकरण के लिए सदैव प्रतिबद्ध।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र कुमार , क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी व प्रतिसार निरीक्षक वेदमणी मिश्रा सहित महिला पुलिस कर्मी आदि अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।