वाराणसी

शारदीय नवरात्र के षष्ठी तिथि के अवसर पर सागर स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा में सुजाबाद गांव की सैकड़ों महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने गंगा नदी से 108 कलशों में पवित्र जल भरा और ढोल-नगाड़ों के साथ माता रानी के जयकारे लगाते हुए सुजाबाद गांव से पड़ाव चौराहे तक यात्रा निकाली। इसके बाद दुर्गा पूजा पंडाल में विधि-विधान से कलश स्थापित किया गया।
कलश यात्रा में शामिल महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा में लाल रंग के वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखा। माता रानी के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठा। आचार्यों की देखरेख में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश यात्रा संपन्न हुई।
इस अवसर पर सागर स्पोर्टिंग क्लब के संस्थापक अध्यक्ष एवं मूर्तिकार सागर साहनी ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार षष्ठी तिथि को दुर्गा पूजा पंडाल में माता रानी का अनुष्ठान किया जाता है। इसी क्रम में गांव की महिलाओं, पुरुषों और युवतियों ने गंगा जल भरकर भव्य कलश यात्रा निकाली और पंडाल में कलश स्थापित किया।






