नमो घाट पर भव्य एयर शो की तैयारियां जोरों पर, सुरक्षा व यातायात को लेकर प्रशासन सख्त
सुरक्षा और दर्शक दीर्घा के पुख्ता इंतजाम,विशेष रूट डायवर्जन और पार्किंग की होगी मुकम्मल व्यवस्था
चंदौली

गंगा तट स्थित प्रसिद्ध नमो घाट पर आगामी दिनों में आयोजित होने वाले भव्य एयर शो को लेकर प्रशासनिक और पुलिस के उच्च अधिकारियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का औचक स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, भीड़ प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल तक आने वाले सभी प्रमुख मार्गों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखा जाए, ताकि दर्शकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, पूरे घाट क्षेत्र को कई सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां सीसीटीवी कैमरों और वाटर टैंकरों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
एयर शो के दौरान स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और दूर-दराज से आने वाले दर्शकों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि शहर में 25 अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। प्रमुख चौराहों और नमो घाट की ओर जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर समय से अपनी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता (प्रांतीय खंड) राजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार, उप जिलाधिकारी (पीडीडीयू नगर), अधिशासी अधिकारी (पीडीडीयू नगर), ट्रैफिक इंस्पेक्टर सहित पुलिस और सिविल प्रशासन के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






