Varanasi news:नवरात्रि के पंडालों में तकनीक और भक्ति का संगम, इलेक्ट्रॉनिक सजावट ने मोहा श्रद्धालुओं का मन: अशोक कुमार विश्वकर्मा

शारदीय नवरात्रि में तकनीक और भक्ति का अद्भुत संगम, इलेक्ट्रॉनिक सजावट ने जीता सबका दिल – अशोक कुमार विश्वकर्मा

वाराणसी

वाराणसी। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर देश भर में सजे माँ दुर्गा के पंडालों में इस बार परम्परा के साथ तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
ऑल इण्डिया यूनाइटेड विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अशोक कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि इस वर्ष दुर्गा पंडालों में इलेक्ट्रिक, इलेक्ट्रॉनिक्स और मेक्ट्रॉनिक्स आधारित सजावट ने धूम मचा रखी है। सचल मूर्तियां, सेंसर आधारित झांकियां, 3D लाइटिंग और प्रोजेक्शन मैपिंग ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया है।
उन्होंने कहा, “जहाँ माँ दुर्गा की तलवार चलती हुई दिख रही है, वहीं शेर की दहाड़ और महिषासुर वध का सजीव और सचल चित्रण तकनीक के माध्यम से किया जा रहा है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि देश में तकनीकी विज्ञान निरंतर तरक्की की ओर अग्रसर है।”
श्री विश्वकर्मा ने कहा कि इस तरक्की के पीछे हमारे विश्वकर्मा समाज के शिल्पकार भाइयों की मेहनत और कौशल है। मूर्ति निर्माण से लेकर लाइटिंग, वायरिंग और सचल यंत्रों के निर्माण तक में विश्वकर्मा समाज का योगदान अतुलनीय है।
उन्होंने देशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तकनीक जब संस्कृति से जुड़ती है, तो विकास और भी सुंदर हो जाता है।