Chandauli news:फ्लोरेंस स्कूल में राष्ट्र भाषा गौरव के रूप में मनाया गया हिंदी दिवस।

फ्लोरेंस स्कूल में राष्ट्र भाषा गौरव के रूप में मनाया गया हिंदी दिवस

दुल्हीपुर/चंदौली


फ्लोरेंस स्कूल में आज राष्ट्र भाषा गौरव के रूप में हिंदी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक अशोक कुमार ने संबोधित करते हुए कहा हिंदी भाषा का इतिहास हजारों वर्षों पुराना है,इसे भारत की समृद्धि,सांस्कृतिक और साहित्यिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। हिंदी ने भारतीय साहित्य, कविता और संस्कृति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है एवं हमारे देश व समाज को नई दिशा दी है। हमारे अनेक महाकाव्य, धार्मिक ग्रंथ, लोक कथाएं और कविताएं हिंदी में लिखी गई है। महाकवि सूरदास, तुलसीदास और प्रेमचंद जैसे महान साहित्यकारों ने हिंदी साहित्य को अमूल्य योगदान दिया है।उनके कार्यो ने न केवल हिन्दी साहित्य को समृद्ध किया बल्कि समाज के नैतिक और सामाजिक मूल्यों को भी मजबूत किया है। आज के समय में जब वैश्वीकरण और तकनीकी विकास में तेजी से बदलाव हुआ है ऐसे समय में हिंदी की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। हिंदी भाषा ने न केवल साहित्य बल्कि संचार और मीडिया के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त किया है। इस मौके पर सीनियर और जूनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं ने हिंदी के गौरव और महत्व से संबंधित विषय पर गीत व कविता प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन शैफाली ने किया। कार्यक्रम उपस्थित प्रमुख लोगों में शिवांगी शुक्ला, शबाना, रुखसार, सहित अनेक लोग उपस्थित थे।