दुल्हिपुर/चंदौली

फ्लोरेंस स्कूल में गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत गजल और भाषण प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक अशोक कुमार ने अपने संबोधन में राष्ट्र को नमन करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस भारत के गौरव सम्मान और संवैधानिक अधिकार का दिन है। 26 जनवरी 1950 को भारत एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य बना। यह दिन हमें महान स्वतंत्रता सेनानियों- महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसे महापुरुषों के साथ ही देश के लिए अनेक ज्ञात अज्ञात बलिदान देने वाले सेनानियों की याद दिलाता है, जिन्होंने हमें आजाद और संवैधानिक भारत दिया। संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे का अधिकार देता है। और यह बताता है कि कानून के सामने सब बराबर हैं। आज का भारत, एक प्रगतिशील भारत है। हम तकनीक, शिक्षा, और रक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। गणतंत्र दिवस हमारी एकता और अखंडता का प्रतीक है और यह संविधान के प्रति निष्ठा और समर्पण बनाए रखने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर संकल्प लें कि हम अपने देश को शिक्षित, और विकसित बनाने में अपना योगदान देंगे। कार्यक्रम का संचालन राकेश कुमार ने किया।





