Chandauli news:बच्चों और अभिभावकों ने साथ दौड़कर रचा उत्सव

पड़ाव/चंदौली


खेल भावना के साथ मनाया गया वार्षिक खेल महोत्सव “किडजैनिया”
आज दिनांक 03 फरवरी को जैपुरिया स्कूल्स की पड़ाव शाखा में प्राइमरी विंग का वार्षिक खेल दिवस “किडजैनिया” का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया जो कि बड़े ही हर्षोल्लास और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन में नर्सरी से कक्षा 5 तक के नन्हे विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। साथ ही प्रतिवर्ष की भांति जैपुरिया विद्यालय ने अपने पड़ोसी विद्यालयों को भी आमंत्रण भेजा जिसे सहर्ष स्वीकार कर उन विद्यालयों ने अपनी सहभागिता दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के शारीरिक विकास, टीम भावना, आत्मविश्वास और खेल भावना को बढ़ावा देना था। आयोजन का शुभारंभ पदाधिकारी वृंद एवं अभिभावकों के स्वागत तथा आकाश में गुब्बारे उड़ाकर किया गया। साथ ही प्रारंभिक नृत्य ने इस गणेश में चार चांद लगा दिया। विद्यालय का प्रांगण रंग-बिरंगी पोशाकों, मुस्कुराते चेहरों और उत्साहवर्धन करती तालियों से गूंज उठा। प्रतियोगिता प्रारंभ करने से पूर्व नन्हे बच्चों के नृत्य एवं परेड ने सुंदर समां बांधा। तत्पश्चात् बच्चों के लिए बटरफ्लाई रेस, बनी रेस, बैलून रेस, गोरिल्ला रेस, हूला हूप रेस, कप पिरामिड, वॉकिंग चेयर, बाल बैलेंसिंग, सैक रेस व ऑक्टोपस रेसें जैसी रोचक प्रतियोगितायें आयोजित हुई। इसमें नन्हे प्रतिभागियों ने न केवल अपनी गति, बल्कि अपने संतुलन, धैर्य और आत्मविश्वास का भी शानदार प्रदर्शन किया। उक्त अवसर पर अभिभावकों की भी सक्रिय सहभागिता रही। उनके लिए भी मनोरंजक और प्रतिस्पर्धात्मक रेस आयोजित की गईं, जिनमें उन्होंने पूरे उत्साह से हिस्सा लिया। इनमें ड्रॉ द थ्रेड, प्रोटेक्ट योर ग्लास, म्यूजिकल ट्विस्ट, टिक टैक टो और रस्साकसी प्रमुख प्रतियोगिताएं थीं। सबसे आकर्षक प्री– नर्सरी के बच्चों की उनके माता पिता के साथ ‘गेट सेट गो टू स्कूल’ रेस रही जिसमें नन्हे बच्चों ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पदक एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई, जिससे बच्चों में भविष्य के लिए और अधिक उत्साह उत्पन्न हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज ने इस सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “खेल बच्चों के समग्र विकास का एक अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम हैं। वार्षिक खेल दिवस “किडजैनिया” का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूकता विकसित करना है। आज हमारे नन्हे प्रतिभागियों ने यह सिद्ध कर दिया कि अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
हमें विशेष प्रसन्नता है कि अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर बच्चों का मनोबल बढ़ाया। विद्यालय और अभिभावकों का यह सहयोग ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।”
कार्यक्रम का संचालन खेल विभाग के शिक्षकों के नेतृत्व में तनुप्रिया पॉल व विधि श्रीवास्तव ने किया।
उक्त अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज, प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज, कार्यकारी निदेशक श्याम सुंदर बजाज, निदेशक गौरांग बजाज, निदेशिका पूजा बजाज, बोर्ड मेंबर आशीष सक्सेना, प्राचार्य बिनोद कुमार दास, संयोजिका शाजिया बदर सहित शिक्षकों, अभिभावकों एवं बच्चों की गरिमामयी उपस्थिति रही।