चंदौली
त्यौहार पर किसी प्रकार की नई परंपरा न की जाए शुरू

जिलाधिकारी चन्दौली चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में नवरात्रि, आगामी रामनवमी एवं ईद-उल-फितर पर्वों के दृष्टिगत शिविर पुलिस लाइन चन्दौली के नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गयी।
जिलाधिकारी द्वारा सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया साथ ही हर वर्ष की तरह आपसी भाईचारा के साथ नवरात्रि, आगामी रामनवमी एवं ईद-उल-फितर पर्वों मनाने की अपील की। बैठक में जनपद के विभिन्न धर्मों के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी द्वारा सभी से आपसी सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखते हुए पर्वों को शांति एवं सद्भाव के साथ मनाने की अपील की गयी। उन्होंने कहा कि सभी त्यौहार हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं, जिन्हें मिल-जुलकर मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। त्यौहार पर किसी प्रकार की नई परंपरा न की जाए शुरू। बैठक में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि जनपद के संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने सभी से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह या गलत मैसेज फैलाया जाता है. इसके लिये गठित सोशल मीडिया टीम द्वारा विशेष निगरानी बरती जा रही है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर, एसडीएम व क्षेत्राधिकारीगण सहित समस्त संबंधित अधिकारी कर्मचारी एवं धर्मगुरुओं तथा जनपद के संभ्रांत लोग उपस्थित रहे।





