“12वाँ स्थापना दिवस सम्पन्न: स्थापना दिवस पर खिला प्रतिभाओं का उपवन”
पड़ाव/चंदौली

जैपुरिया स्कूल की पड़ाव शाखा के बारहवें स्थापना दिवस पर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन विद्यालय के संगम सभागार में किया गया जिसमें कक्षा एक से ग्यारहवीं तक के बच्चों को कक्षा में अव्वल आने पर जयपुरियन प्राइड अवार्ड , शत प्रतिशत उपस्थिति हेतु 100% अटेंडेंस अवार्ड तथा विषयवार योग्यता प्रदर्शन हेतु कौटिल्य अवार्ड से सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ पदाधिकारी वृंद द्वारा तुलसी वेदी के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर किया गया। प्राचार्य बिनोद कुमार दास ने गणमान्य अतिथियों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया तथा अभिभावकों को संबोधित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।
कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य बच्चों को उनकी शैक्षिक योग्यता के आधार पर विभिन्न पुरस्कारों से औपचारिक सम्मान देकर उनके कठिन परिश्रम के प्रतिफल स्वरूप प्रोत्साहन देना, विद्यालय की स्थापना, उसके मूल्यों और अब तक की यात्रा को याद करने और विद्यालय की उपलब्धियों को समाज के सम्मुख प्रस्तुत कर उसकी प्रतिष्ठा को मजबूती देना था।
बच्चों की रंगारंग प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा एकल लोक नृत्य,समूह नृत्य, सोलो फ्रीस्टाइल डांस, एकल शास्त्रीय एवं देशभक्ति गीत की सुरम्य प्रस्तुति दी गई जिसकी सराहना का आभास सभागार में गूंजती करतल ध्वनियों से स्वतः ही हो रहा था।
प्रबंध निदेशक मनोज बजाज ने सभा को संबोधित करते हुए मन में लगन और कठिन परिश्रम की बात कही और गुरुकुल से आधुनिक विद्यालय तक के सफर का अंतर भी प्रेरक कहानियों के माध्यम से बताकर भौतिक सुविधाओं को द्वितीयक बताया। उन्होंने दशक पूर्व समय को याद करते हुए विद्यालय से जुड़े सभी जनों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य की योजनाओं से अवगत कराकर सभी सक्षम सुविधाओं का आश्वासन भी दिया।
अपने बच्चों को मंच पर सम्मानित होता देख कर अभिभावक फूले नहीं समा रहे थे तथा स्वयं जयपुरियन पैरेंट होने पर गौरवान्वित भी महसूस कर रहे थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य बिनोद कुमार दास ने, संचालन व धन्यवाद ज्ञापन तनुप्रिया पॉल व तान्या मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन दीपक बजाज, प्रबंध निदेशक मनोज बजाज, कार्यकारी निदेशक श्यामसुंदर बजाज, निदेशक गौरांग बजाज व गवेंद्र बजाज, निदेशिका पूजा बजाज, प्रधानाचार्य बिनोद कुमार दास, एवं तीनों वर्गों की संयोजिकाओं शाजिया बदर, सिमरनप्रीत कौर, व राशि जैन सहित शिक्षकगणों, अभिभावकों एवं बच्चों की गरिमामय उपस्थिति रही।





