Varanasi news:विश्वकर्मा समाज को राजनीतिक लाभ के लिए कुछ लोगों ने ‌बांट दिया है, बांटने वाले समाज के हितैषी नहीं: राष्ट्रीय अध्यक्ष

वाराणसी


ऑल इंडिया यूनाइटेड विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा ने कहा है कि राजनीतिक लाभ के लिए कुछ लोगों ने समाज को बांटने का काम किया है, समाज को बांटने वाले लोग समाज के हितैषी नहीं हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में राजनीति का स्वरूप और इसकी प्राथमिकताएं बदल गई है। आज की राजनीति केवल व्यक्तिगत लाभ और सत्ता की भूख पर आधारित है, जो समाज के व्यापक हितों को नजर अंदाज करती है। उन्होंने कहा कुछ लोगों ने अपने स्वार्थ के लिए समाज को बांट दिया है, वह नहीं चाहते कि समाज एक सूत्र में बंधा रहे ऐसे लोग समाज को जोड़ने का नहीं बल्कि तोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा जब राजनीतिक महत्वाकांक्षा सामाजिक मूल्यों से अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है तो यह समाज को कमजोर करती है। वोट बैंक की राजनीति ने समाज को बांटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाया है जिससे समाज की एकता प्रभावित और कमजोर हुई है। कुछ चाटुकार लोग राजनीतिक फायदे के लिए विभिन्न दलों में समाज के नाम पर दलाली कर रहे हैं। ऐसे लोग सिर्फ अपने राजनीतिक भविष्य को चमकाने में लगे रहते हैं। ऐसे चेहरे समाज के हितैषी नहीं बल्कि स्वार्थ की राजनीति के व्यापारी होते हैं। ऐसे लोगों से समाज का कोई भला नहीं हो सकता है। समाज को मजबूत सामाजिक नेतृत्व पैदा करने के लिए सामाजिक संगठन को मजबूत करना होगा। तभी समाज का हित संभव है।