Chandauli news:हेल्पएज इंडिया की मोबाइल हेल्थ केयर यूनिट ने लगाया नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, डॉ. नितिन राजपूत ने किया मरीजों का परीक्षण

चंदौली




हेल्पएज इंडिया द्वारा संचालित मोबाइल हेल्थ केयर यूनिट के माध्यम से स्थानीय चौराहे पर मासिक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रत्येक माह एक बार लगाया जाता है, जिसमें जरूरतमंद, बुजुर्ग एवं आम नागरिकों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
शिविर में एम.बी.बी.एस. डॉ. नितिन राजपूत (जनरल फिजिशियन) ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान शुगर (मधुमेह), ब्लड प्रेशर (बीपी) सहित अन्य सामान्य बीमारियों की जांच कर मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस कर्मियों ने भी शिविर का लाभ उठाते हुए अपने ब्लड प्रेशर (बीपी) एवं शुगर की जांच कराई। चिकित्सकों ने उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
शिविर के दौरान प्रशांत पाण्डेय एवं मानवेन्द्र सिंह (फार्मासिस्ट) भी मौजूद रहे। उन्होंने मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाइयों का वितरण किया तथा उनके सेवन की जानकारी दी।
स्थानीय लोगों ने हेल्पएज इंडिया की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक माह लगने वाला यह स्वास्थ्य शिविर आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहा है। आयोजकों ने बताया कि मोबाइल हेल्थ केयर यूनिट का उद्देश्य लोगों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और उन्हें नि:शुल्क दवा एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है।