पड़ाव/चंदौली

सीबीएसई क्लस्टर-5 कबड्डी चैंपियनशिप में सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स, बनारस पड़ाव कैंपस ने जीता स्वर्ण पदक
जौनपुर। जे.पी. इंटरनेशनल स्कूल, जौनपुर में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-5 कबड्डी बॉयज़ चैंपियनशिप में सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स, बनारस पड़ाव कैंपस के अंडर-14 बालक वर्ग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक 🥇 अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता में अंडर-19, अंडर-17 एवं अंडर-14 तीन आयु वर्गों में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। चैंपियनशिप में कुल 108 विद्यालयों के लगभग 1300 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया जिसमें अंडर-14 वर्ग में कुल 18 विद्यालयों की टीमों ने अपना दमखम दिखाया।
अंडर-14 बालक वर्ग में जैपुरिया स्कूल्स, पड़ाव कैंपस की टीम ने अपने प्रशिक्षक मंगल पांडे के नेतृत्व में बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन, रणनीति और टीम भावना का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक 🥇 अपने नाम कर प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में देहरादून पब्लिक स्कूल ने रजत पदक 🥈के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि कांस्य पदक 🥉के साथ तीसरे स्थान पर एमजेआरएफ स्कूल, गाजीपुर की टीम रही।
इस अद्वितीय सफलता के साथ ही जैपुरिया विद्यालय के धुरंधर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए कूच करेंगे। विद्यालय के विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं खेल विभाग ने खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार बजाज ने कहा कि, “यह स्वर्णिम विजय हमारे खिलाड़ियों की प्रतिभा के साथ-साथ उनके अनुशासन, अथक परिश्रम, आत्मविश्वास और अदम्य जज़्बे का परिणाम है।
ऐसी उपलब्धियाँ अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं और उन्हें खेल भावना, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।”
उक्त अवसर पर विद्यालय परिवार ने बड़े ही उल्लास और गर्मजोशी से विजेताओं का स्वागत किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया साथ ही पदाधिकारी वृंद ने विजेता बच्चों को इस सुअवसर पर बधाई दी तथा भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।




