वाराणसी

जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार, कार छोड़कर चालक फरार
वाराणसी। राजघाट पुल पर जाते समय ढलान पर मंगलवार की देर शाम करीब सवा सात बजे तेज रफ्तार कार और टोटो में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में टोटो सवार एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बहादुरपुर निवासी निर्मला देवी अपने परिवार के साथ पड़ाव से औरंगाबाद में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रही थीं। बताया जा रहा है कि राजघाट पुल की ढलान पर पहुंचते ही सामने से आ रही कार ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में निर्मला देवी, सपना यादव, पारो यादव, सरिता पत्नी गुलशन यादव और दो वर्षीय चेतन यादव घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद कार चालक अंधेरे का फायदा उठाकर कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सूजाबाद चौकी प्रभारी प्रशांत पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल जलीलपुर स्थित संतोष मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचाया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






