Chandauli news:फायर NOC में लापरवाही पर एसपी सख्त, अग्निशमन कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

पुलिस अधीक्षक चन्दौली द्वारा मुख्य अग्निशमन कार्यालय का औचक निरीक्षण; व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

चंदौली

फायर की एनओसी देने में अनावश्यक रूप से देरी की शिकायत के सम्बन्ध में किया गया निरीक्षण।

      19.08.2026 को पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल द्वारा जनपद के मुख्य अग्निशमन कार्यालय का विस्तृत एवं औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने कार्यालयी अभिलेखों, अग्निशमन वाहनों, जीवन रक्षक उपकरणों एवं परिसर की साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था का गहनता से अवलोकन किया।

उपकरणों एवं वाहनों की क्रियाशीलता: परिसर में खड़े सभी अग्निशमन वाहनों, वॉटर टेंडरों, पंपों एवं अत्याधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों की जांच की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी गाड़ियाँ एवं अग्निशमन यंत्र 24×7 पूरी तरह चालू (Operational) स्थिति में रहें, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में बिना किसी विलंब के तत्काल रिस्पॉन्स दिया जा सके।

क्विक रिस्पॉन्स टाइम (Quick Response Time): आपदा या आगजनी की सूचना मिलने पर कम से कम समय में घटनास्थल पर पहुँचने हेतु रूट प्लान एवं संसाधनों की पूर्व तैयारी को दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए गए।

अभिलेखों का रखरखाव: कार्यालय के महत्वपूर्ण रजिस्टरों, जैसे- आपदा सूचना रजिस्टर, वाहन मेंटेनेंस रजिस्टर तथा ड्यूटी रोस्टर का सूक्ष्मता से अवलोकन कर उन्हें अद्यतन (Update) रखने हेतु निर्देशित किया गया।

जन-जागरूकता अभियान: जनपद के ग्रामीण व शहरी इलाकों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, विद्यालयों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर नियमित रूप से फायर सेफ्टी मॉकड्रिल तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए, जिससे आमजन को आग से बचाव के प्रति सतर्क किया जा सके।

कर्मचारियों का कल्याण एवं अनुशासन: ड्यूटी पर तैनात फायर सर्विस कर्मियों के बैरक, मेस तथा आवासीय परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता बनाए रखने एवं कर्मचारियों को अनुशासित व सतर्क रहकर ड्यूटी करने हेतु प्रेरित किया गया।

फायर NOC देने में देरी के संबंध में शिकायतें प्राप्त हो रही थी जिनके संबंध में भी निरीक्षण किया गया।

आमजनमानस को सूचित किया जाता है कि यदि कोई फायर की NOC अनावश्यक रूप से लम्बित हो तो पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मिल कर सूचना दें।