Varanasi news:कांग्रेस दलित पिछड़ा गठबंधन को करेगी मजबूत,जनगणना मे छलावा के खिलाफ होगा आंदोलन,अशोक विश्वकर्मा

वाराणसी

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा ने बताया है कि लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में ओबीसी विभाग की बैठक और समीक्षा कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि जाति जनगणना के सवाल पर सरकार की नीति और नियत साफ नहीं है। सरकार जनगणना में ओबीसी वर्ग के साथ छलावा कर रही है। उन्होंने कहा जनगणना के सवाल पर ओबीसी वर्ग के लोग संगठित होकर सड़कों पर उतर आये, तो देश में बहुत बड़ा जन-आंदोलन हो जाएगा और सरकार को झुकना पड़ेगा। उन्होंने राहुल गांधी की मंशा का हवाला देते हुए कहा कि जनता अपने बुनियादी मुद्दों शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अधिकार पर खुलकर बात कर रही है।उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के प्रति लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।जनता राहुल गांधी की नीतियों और संघर्षों पर भरोसा जता रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दलित-पिछड़ा सामाजिक गठजोड़ को मजबूत और पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर पुनर्गठित किया जायेगा। उन्होंने जनगणना के प्रारूप पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जाति जनगणना के प्रारूप में ओबीसी वर्ग के लिए अलग से कोई कॉलम या ड्रॉप-डाउन मेनू नहीं रखा गया है, जो स्पष्ट रूप से ओबीसी समुदाय को कमजोर करने और उनके वास्तविक आंकड़ों को छिपाने की एक सोची-समझी साजिश है।उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि जब देश में जातिगत जनगणना कराने की बात कही जा रही है, तो आधिकारिक प्रश्नावली में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए स्पष्ट कॉलम क्यों नहीं है। उन्होंने कहा कि ओपन-एंडेड (खुले विकल्प वाले) तरीके से केवल ‘जाति’ पूछने से डेटा उलझ जाएगा और पिछड़ों के सही आंकड़े सामने नहीं आ पाएंगे।