Chandauli news:फ्लोरेंस स्कूल मे हुआ रक्षाबंधन मेकिंग प्रतियोगिता, बहनों के प्रति प्रेम और रक्षा का छात्रों ने लिया संकल्प

चंदौली

फ्लोरेंस स्कूल में भाई बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन के पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व से छात्र-छात्राओं को परिचित कराने के लिए रक्षाबंधन मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस अवसर पर छात्र छात्राओं ने रंग-बिरंगे धागों,मोतियों और सजावटी वस्तुओं तथा प्राकृतिक फूल पत्तियों से सुंदर राखियां बनाईं और एक-दूसरे की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र प्रेम को मजबूत बनाने का संकल्प किया । इस मौके पर प्रबंध निदेशक अशोक कुमार ने राखी पर्व की पौराणिक और ऐतिहासिक परंपरा के बारे में बताते हुए कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, अटूट स्नेह और सुरक्षा की भावना वाला एक पवित्र त्योहार है, जो हर साल सावन मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। भागवत पुराण के अनुसार, माता लक्ष्मी ने राजा बलि की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर भगवान विष्णु को पाताल लोक से मुक्त कराया था। महाभारत काल में श्री कृष्ण की उंगली कटने पर द्रौपदी ने अपनी साड़ी का पल्लू फाड़कर उनके हाथ पर बांधा था। कृष्ण ने चीरहरण के समय इस रक्षा सूत्र का कर्ज चुकाया था। पौराणिक कथाओं के अनुसार, यमुना ने मृत्यु के देवता यमराज को राखी बांधी थी, जिससे प्रसन्न होकर यम ने उन्हें अमरता का वरदान दिया था। सिकंदर और राजा पोरस का इतिहास में वर्णन मिलता है कि सिकंदर की पत्नी रोक्साना ने अपने पति के प्राणों की रक्षा के लिए भारतीय राजा पोरस को राखी बांधीं थी।मध्यकालीन इतिहास में चित्तौड़ की रानी कर्णावती ने संकट के समय मुगल सम्राट हुमायूं को राखी भेजकर भाई के रूप में मदद और रक्षा की गुहार लगाई थी।