Chandauli news:मंडल रेल प्रबंधक द्वारा डीडीयू जंक्शन पर निरीक्षण

डीडीयू जंक्शन/चंदौली

इंडियन इंस्टीट्यूट मैदान में खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं का लिया जायजा

पास के रनिंग रूम का किया औचक निरीक्षण

पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक द्वारा आज डीडीयू जंक्शन परिसर एवं इससे संबद्ध महत्वपूर्ण स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न सुविधाओं, कार्य-प्रगति एवं रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया गया तथा संबंधित क्षेत्रों में सुधार एवं उन्नयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

सर्वप्रथम डीडीयू जंक्शन परिसर में स्टेट बैंक के आसपास के क्षेत्र एवं नवीन पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया गया। कार्य की प्रगति की समीक्षा के उपरांत समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पूर्णता सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित रेलवे खेल मैदान का निरीक्षण किया गया। वहाँ खिलाड़ियों हेतु उपलब्ध सुविधाओं, हॉस्टल, रेसलर हॉल एवं अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति का अवलोकन किया गया। मैदान और कॉलोनी की बाउंड्री वॉल सहित आवश्यक मरम्मत कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करने तथा जरूरी वर्कआउट व खेल सुविधाओं के साथ मैदान को निरंतर उपयोग योग्य एवं उचित स्थिति में बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए।

तत्पश्चात पास के 1102 नंबर रनिंग रूम का औचक निरीक्षण किया गया। सुविधाओं एवं स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक पाई गई। रेलकर्मियों हेतु उपलब्ध व्यवस्थाओं को और अधिक उन्नत एवं सुचारु रूप से बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अंत में लोको कॉलोनी में खेल मैदान के समीप स्थित रिक्रिएशन रूम का निरीक्षण किया गया। स्थिति का अवलोकन करने के उपरांत रिक्रिएशन रूम के नवीनीकरण/उन्नयन संबंधी निर्देश दिये गए।

यह औचक निरीक्षण रेलवे द्वारा रेलकर्मियों, उनके परिवारजन, खिलाड़ियों एवं यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा परिसरों के समुचित रखरखाव एवं उन्नयन के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मंडल स्तर पर ऐसी व्यवस्थाओं को नियमित रूप से बेहतर बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।