वाराणसी

आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय, डोमरी, रामनगर, वाराणसी में आईआईटी रुड़की के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय “वर्चुअल लैब” कार्यशाला के दूसरे दिन विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्चुअल लैब के माध्यम से प्रयोगात्मक एवं डिजिटल शिक्षण की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना रहा।
कार्यशाला में आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय, डोमरी, रामनगर; बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल, डोमरी, पड़ाव; बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल, प्रहलादघाट; श्रीमती प्यारी देवी इंटर कॉलेज, रामनगर; सेंट स्टीफन स्कूल, रामनगर तथा रामप्रसाद बालिका इंटर कॉलेज, नारायणपुर, मिर्जापुर के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

दूसरे दिन विशेषज्ञों द्वारा वर्चुअल लैब के विभिन्न डिजिटल संसाधनों एवं प्रयोगात्मक गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को वर्चुअल लैब के माध्यम से प्रयोग करने की प्रक्रिया समझाई गई तथा तकनीकी एवं शैक्षणिक विषयों से संबंधित उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। प्रतिभागियों ने डिजिटल माध्यम से प्रयोगात्मक शिक्षा प्राप्त करने में विशेष रुचि दिखाई।
कार्यशाला का प्रतिवेदन डॉ. सोफिया खानम ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन अल्पा चतुर्वेदी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम नरेश शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों, विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने सभी को शुभकामना देते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशाला आगे भी आयोजित होती रहेगी। कार्यशाला से छात्र-छात्राओं के ज्ञान में वृद्धि होती है तथा उन्हें आधुनिक तकनीकों के बारे मे जानकारी प्राप्त होती है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की सीएमओ अपूर्वा पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
दो दिवसीय कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को वर्चुअल लैब के उपयोग, डिजिटल संसाधनों तथा प्रयोगात्मक शिक्षण की आधुनिक पद्धतियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यशाला में प्रतिभाग करने वाले लगभग 180 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने इसे ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।






