चंदौली में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में छूटे दर्जी कारीगरों को इंटरव्यू का एक और मौका, 22 सितंबर को बुलावा
जरूरी दस्तावेज संग समय पर पहुंचे अभ्यर्थी उदय प्रकाश पासवान
चंदौली


उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना’ के तहत दर्जी ट्रेड में आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। जिन आवेदकों का साक्षात्कार (इंटरव्यू) किसी कारणवश छूट गया था, उन्हें विभाग ने एक और मौका देने का फैसला किया है। अब ऐसे अभ्यर्थियों का दोबारा इंटरव्यू 22 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग (जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, चंदौली) उदय प्रकाश पासवान ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत 31 अगस्त 2026 तक प्राप्त आवेदन-पत्रों में से छूटे हुए अभ्यर्थियों के लिए यह अंतिम अवसर है।
विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, साक्षात्कार 22 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे से जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र, चंदौली परिसर में आयोजित किया जाएगा।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्नलिखित आवश्यक मूल दस्तावेज (Original Documents) लाने होंगे।
ग्राम प्रधान, नगर पंचायत अध्यक्ष या नगर पालिका/नगर निगम के संबंधित वार्ड सदस्य द्वारा निर्गत परंपरागत रूप से दर्जी कारीगर होने के प्रमाण पत्र की मूल प्रति एवं आधार कार्ड।
उपायुक्त उद्योग ने संबंधित सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने आवश्यक अभिलेखों के साथ साक्षात्कार स्थल पर उपस्थित होकर प्रक्रिया पूरी करें।





