Chandauli news:रुद्राभिषेक से गूंजा परिसर, वृक्षारोपण से सजी धरती… शिव भक्ति और प्रकृति संरक्षण का अद्भुत संगम

पड़ाव/चंदौली

रुद्राभिषेक की आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ इंटरैक्ट क्लब के वृक्षारोपण अभियान ने दिया प्रकृति संरक्षण का सशक्त संदेश

आज दिनांक 5 अगस्त को सावन मास की पावन बेला में प्रकृति, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं का अद्भुत संगम सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस के पड़ाव परिसर में देखने को मिला। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज के दिशा निर्देशन एवं प्रेरणा से विद्यालय परिसर में वैदिक मंत्रोचार के मध्य श्रद्धा पूर्वक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। भगवान शिव से समस्त मानवता के कल्याण, विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य तथा पर्यावरण की समृद्धि की मंगल कामना की गई।
इसी आध्यात्मिक प्रेरणा को प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए विद्यालय के इंटरेक्ट क्लब के सदस्यों द्वारा पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक भव्य वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत के विद्यालय परिसर एवं नगर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में उत्साहपूर्वक विभिन्न छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया।
विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं इंटरैक्ट क्लब के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ पौधे लगाए और उन्हें सुरक्षित एवं विकसित करने का संकल्प लिया। पूरे अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण जागरूकता के संदेशों के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराया।
इस अवसर पर जन जागरूकता के अंतर्गत बताया गया कि वृक्ष केवल पौधे नहीं, बल्कि पृथ्वी की धड़कन हैं। वे हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं, वातावरण को शुद्ध बनाते हैं, वर्षा चक्र को संतुलित रखते हैं, मिट्टी के कटाव को रोकते हैं, जैव विविधता का संरक्षण करते हैं तथा बढ़ते प्रदूषण और वैश्विक तापमान को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव है।

विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज ने अपने संदेश में कहा, “सावन का यह पावन महीना प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का श्रेष्ठ अवसर है। भारतीय संस्कृति में भगवान शिव और प्रकृति का अटूट संबंध है। सावन में रुद्राभिषेक और वृक्षारोपण हमारी आध्यात्मिक आस्था और सामाजिक उत्तरदायित्व का सुंदर समन्वय है। एक पौधा लगाना जीवन को संवारने का संकल्प है। जब बच्चे प्रकृति से जुड़ते हैं, तभी वे संवेदनशील, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनते हैं।”
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने यह संकल्प लिया कि वे केवल एक पौधा लगाकर ही नहीं, बल्कि उसकी नियमित देखभाल कर उसे एक विशाल वृक्ष बनने तक संरक्षित रखेंगे।
उक्त अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज, प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज, कार्यकारी निदेशक श्याम सुंदर बजाज, निदेशक गौरांग बजाज एवं गवेंद्र बजाज, निदेशका उमा बजाज, संगीता बजाज, अनुराधा बजाज व पूजा बजाज, प्रधानाचार्य विनोद कुमार दास सहित तीनों वर्गों की संयोजिकाओं सहित शिक्षकगणों और छात्रों की गरिमा में उपस्थिति रही।