Chandauli news:आगामी सावन माह में श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ नहीं: खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा, हाईवे के ढाबों पर नॉनवेज की बिक्री पर रोक

विशेष निगरानी, नॉनवेज की बिक्री पर रोक
क्यूआर कोड/स्टीकर से सीधे फीडबैक दे सकेंगे ग्राहक

चंदौली


आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (उत्तर प्रदेश) तथा जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देशों के क्रम में आगामी पावन सावन माह एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जनपद में विशेष जांच अभियान चलाया रहा है। इसका उद्देश्य कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है।

इसी क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के कुशल नेतृत्व व निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण व छापेमारी की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने ‘गणेश कंज्यूमर प्रोडक्ट्स’ से सूजी, गेहूं का आटा, गेहूं का दलिया, बेसन, सत्तू एवं मैदा के नमूने लिए। इसके अलावा ‘बिंदु एग्रो इंडस्ट्रीज’ से निर्मित किए जा रहे मक्का की सूजी तथा मक्का के आटे के सैंपल संकलित किए गए। इन सभी खाद्य नमूनों को गुणवत्ता जांच हेतु प्रयोगशाला (लैब) भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के पश्चात नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत नेशनल हाईवे पर स्थित सभी होटलों एवं ढाबों का गहन निरीक्षण किया गया। विभाग द्वारा सभी ढाबा एवं होटल संचालकों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि परिसर में उच्च स्तर की साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। सावन माह के दौरान किसी भी प्रकार के नॉनवेज (मांसाहारी) खाद्य पदार्थों की बिक्री कतई न की जाए।
ग्राहकों की सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा होटलों व ढाबों के प्रमुख (दृश्य) स्थानों पर फीडबैक एवं शिकायत स्टीकर चिपकाए जा रहे हैं। इन स्टीकर के माध्यम से ग्राहक दी गई जानकारी के आधार पर सीधे अपनी शिकायत या संतुष्टि का फीडबैक दर्ज करा सकेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

आज की इस व्यापक छापेमारी एवं निरीक्षण टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।