Chandauli news:मुगलसराय एवं साइबर सेल ने ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर देशभर में साइबर ठगी करने वाले अन्तर्राज्यीय गिरोह का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार, 21 डेबिट कार्ड व डिजिटल साक्ष्य बरामद

चंदौली

थाना मुगलसराय एवं साइबर सेल चन्दौली की संयुक्त कार्यवाही में अन्तर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह का सक्रिय 01 सदस्य गिरफ्तार व 01 वांछित की तलाश जारी।

21 डेबिट कार्ड, 10 साइबर शिकायतों से जुड़े बैंक खाते, 04 मोबाइल फोन, कूटरचित आधार कार्ड सहित अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद

उच्चाधिकारीगण के कुशल निर्देशन में थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह व प्रभारी साइबर सेल, मिर्जा रिजवान बेग के कुशल नेतृत्व में साइबर सेल चन्दौली एवं थाना मुगलसराय पुलिस टीम द्वारा साइबर स्लेवरी एवं म्यूल बैंक खातों से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में मुगलसराय रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भ्रमणशील थी, कि इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित विभिन्न एटीएम से एक युवक लगातार धनराशि निकालने का प्रयास कर रहा है, तथा उसके पास बड़ी संख्या में विभिन्न व्यक्तियों के एटीएम/डेबिट कार्ड मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर डीआरएम कार्यालय जाने वाले मार्ग के पास से उक्त संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम अंकित कुमार पुत्र जशवंत सिंह निवासी ग्राम आजन, थाना मदनपुर, जनपद औरंगाबाद (बिहार) बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 21 विभिन्न बैंकों के डेबिट/एटीएम कार्ड, 02 बैंक पासबुक, 04 मोबाइल फोन, 01 कूटरचित आधार कार्ड, 04 खाली सिम पैकेट, 01 सक्रिय वोडाफोन सिम तथा ₹1200 नगद बरामद हुए। बरामद दोनों बैंक खातों का राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर परीक्षण करने पर कुल 10 साइबर धोखाधड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं, जो महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, बिहार, पंजाब एवं ओडिशा सहित विभिन्न राज्यों से संबंधित हैं। प्रथम दृष्टया इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को प्राप्त करने एवं विभिन्न एटीएम के माध्यम से निकालने में किया जाना पाया गया। डिजिटल जांच के दौरान अभियुक्त के मोबाइल फोन से बड़ी संख्या में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, 06 सक्रिय व्हाट्सएप ग्रुप, 02 ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म तथा एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें वह अपने साथियों को साइबर ठगी की धनराशि को विभिन्न म्यूल खातों के माध्यम से सुरक्षित तरीके से निकालने की प्रक्रिया समझाता हुआ दिखाई दिया। बरामद समस्त डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण कराया जा रहा है तथा गिरोह के 01 वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।


पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म एवं व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से लोगों को अधिक लाभ एवं धनराशि दोगुनी होने का लालच देकर निवेश कराता था। निवेश की गई धनराशि को विभिन्न व्यक्तियों के नाम पर खरीदे गए म्यूल बैंक खातों में स्थानांतरित कराया जाता था तथा उनसे जुड़े डेबिट कार्डों के माध्यम से देश के अलग-अलग एटीएम से नकदी निकालकर आपस में बांट ली जाती थी। अभियुक्त ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए कूटरचित आधार कार्ड का प्रयोग करना भी स्वीकार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त-
1.अंकित कुमार पुत्र जशवंत सिंह, निवासी ग्राम आजन, थाना मदनपुर, जनपद औरंगाबाद (बिहार)

पंजीकृत अभियोग
1.मु0अ0सं0-380/2026, धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 339 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 66 सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, थाना मुगलसराय, जनपद चन्दौली।

बरामदगी-
1-21 विभिन्न बैंकों के डेबिट/एटीएम कार्ड
2-02 बैंक पासबुक (जिन पर कुल 10 NCRP शिकायतें पायी गईं)
3-04 मोबाइल फोन
4-01 कूटरचित आधार कार्ड
5-04 खाली सिम पैकेट
6-01 सक्रिय वोडाफोन सिम
7-1200 रुपए नगद