वाराणसी

ऑल इंडिया यूनाइटेड विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा ने समाज के प्रतिनिधित्व वाले देश भर के संगठनों का राष्ट्रीय स्तर पर साझा मंच बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने इसके लिए विश्वकर्मा समाज के सभी संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्षो को प्रस्ताव देते हुए कहा है कि देश भर में विश्वकर्मा समाज के संगठन अपने अपने स्तर से सामाज के विकास और कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। यदि इन सभी बिखरे हुए संगठनों का एक साझा मंच गठित किया जाए,तो सामाजिक विकास की गति को कई गुना बढ़ाया जा सकता है। राजनीतिक दलों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि राजसत्ता के लिए अनेक राजनीतिक दल आपस में मिलकर गठबंधन का फॉर्मूला अपनाते हैं। समाज के सर्वांगीण विकास और राजनीतिक भागीदारी हासिल करने के लिए इस फार्मूले के आधार पर सभी संगठनों के प्रतिनिधियों को मिलाकर एक महासंघ का गठन कर ‘केंद्रीय समन्वय समिति’ बनाई जाए और इस मंच का एक सर्वमान्य नाम और लोगो तय किया जाए।




